Thursday , February 26 2026

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज भी हुई बाधित

नई दिल्ली 23 मार्च।संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्षी सदस्‍यों के शोर-शराबे के कारण आज भी बाधित हुई।आज सवेरे लोकसभा और राज्‍यसभा की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद ही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई।

इससे पहले दोनों सदनों में शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी गई।राज्‍यसभा में सभापति वैंकैया नायडू ने आज तीसरे हफ्ते भी सदन के लगातार बाधित होने पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त  की और सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्‍थगित कर दी।

लोकसभा में ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके सदस्‍य कावेरी प्रबंधन बोर्ड के गठन की मांग के समर्थन में नारे लगाते हुए सदन के बीचोंबीच पहुंच गए। इस पर अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। पहले स्‍थगन के बाद कार्यवाही फिर शुरू होने पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। हंगामा जारी रहने पर अध्‍यक्ष ने कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्‍थगित कर दी।