MainSlideदेश-विदेश

उत्तर भारत में शीतलहर और तेज

नई दिल्ली 31 दिसम्बर।उत्‍तर भारत में शीतलहर और तेज हो गयी है। राजधानी में कल अधिकतम तापमान नौ दशमलव चार डिग्री सेल्‍सि‍यस रिकॉर्ड किया गया।कल का दिन वर्ष 1901 के बाद दिल्‍ली में दिसम्‍बर महीने का सबसे ठंडा दिन रहा।

दिल्‍ली-राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात में बाधा उत्पन्‍न हुई। कुछ स्‍थानों पर सुबह दृष्‍यता शून्‍य होने के कारण उड़ानों में देरी हुई और रेल गाडि़यों की आवाजाही में विलंब हुआ, कुछ उड़ानों और रेलगाडियों के मार्ग बदल दिये गये और कुछ रद्द कर दिये गये। इस वजह से हजारों यात्री फंसे रहे। गांगेय क्षेत्र में घना कोहरा होने और उत्‍तरी बर्फीली हवाओं के चलने से उत्‍तर भारत के मैदानी इलाकों में शीतलहर तेज हो गयी।

जम्‍मू-कश्‍मीर में श्रीनगर में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से छह दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया और डल झील जम गई। जम्‍मू में एक दशक में कल रात सबसे ठंडा रहा जहां तापमान दो दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

बिहार में कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।गया राज्‍य का सबसे ठंडा स्‍थान रहा। यहां का तापमान दो दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णियां समेत राज्‍य के अधिकांश शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। ठंड के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में 21 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। मौसम खराब होने के कारण बिहार से गुजरने वाली सभी ट्रेनें पांच से दस घंटे देर से चल रही हैं।

उत्‍तर प्रदेश में सोनभद्र जिले में चुर्क शून्‍य दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्‍थान रहा।राजस्‍थान में सीकर में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

Related Articles

Back to top button