MainSlideछत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में जीप के पेड़ से टकराने से छह लोगों की मौत

दंतेवाड़ा/रायपुर 07 जनवरी।छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बारसूर-गीदम मार्ग पर आज शाम एक जीप के अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा जाने से छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाउरनार गाँव से दस लोग एक जीप से पिकनिक मनाने बारसूर गए थे।पिकनिक मना कर लौटते समय बारसूर-गीदम मार्ग पर राम मंदिर के पास जीप एक पेड़ से टकरा गई।इस हादसे में चार पुरूष और दो महिलाओं सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन महिलायें और एक पुरूष है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर दुःख प्रकट किया है।उन्होंने दुर्घटना में घायलों को समुचित उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दंतेवाड़ा के कलेक्टर को दिए हैं।श्री बघेल ने मृतकों के आश्रितों को तत्काल पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये की राहत राशि प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं।

Related Articles

Back to top button