MainSlideछत्तीसगढ़

प्रदेश के विकास की आगामी पंचवर्षीय कार्य-योजना भी तैयार- रमन

रायगढ़ 11 जून।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने आम जनता की बेहतरी के लिए विगत 14 वर्ष में विकास के सारे मापदंड स्थापित किए हैं और प्रदेश के तेज विकास के लिए अगले पांच वर्ष की कार्य-योजना भी तैयार कर ली है।

विकास यात्रा पर निकले डॉ. सिंह ने आज लैंलूगा में एक जनसभा में दावा किया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ देश के प्रथम तीन सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के सहयोग से इस दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रदेश के तेज विकास के लिए अगले पांच वर्ष की कार्य-योजना भी तैयार कर ली है।

उन्होंने लैलूंगा के बाद जशपुर जिले  के विकासखंड मुख्यालय दुलदुला में भी सभा को सम्बोधित किया। दोनों आमसभाओं में जनता ने मुख्यमंत्री का जोशीला स्वागत और अभिनंदन किया। रंग-बिरंगे परम्परागत परिधानों में सजे-धजे लोक नर्तकों ने भी मुख्यमंत्री और विकास यात्रा के स्वागत में आकर्षक नृत्यों का प्रदर्शन किया। दोनों आमसभाओं में मुख्यमंत्री ने 147 करोड़ 61 लाख रूपए के 364 निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

उन्होंने लैलूंगा की आम सभा में  जनता को 41 करोड़ 61 लाख रूपए के 64 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। इनमें 12 करोड़ 32 लाख रूपए के तीन पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 29 करोड़ 35 लाख रूपए के 61 नये निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन उनके हाथों सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने दुलदुला की आमसभा में 103 करोड़ रूपए के 300 निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें से 50 करोड़ 10 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 81 निर्माण कार्य मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित हुए। उन्होंने दुलदुला क्षेत्र के लिए 53 करोड़ 49 लाख रूपए के 219 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने दोनों आमसभाओं में छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार की ओर से विगत चौदह वर्ष में जनता की सुविधा के लिए कराए गए विकास कार्याें का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर किसी को विकास देखना हो तो वह रायगढ़ जिले के लैलूंगा और जिला जशपुर के दुलदुला जैसे इलाकों में भी आकर देखे। आदिवासी क्षेत्रों में जनता की सुख-सुविधा के लिए हर प्रकार के जरूरी निर्माण कार्य हुए हैं और लगातार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में सड़को जाल बिछाया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button