वेदांता पावर प्लांट हादसा: मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया स्थल निरीक्षण

रायपुर, 16 अप्रैल।छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए हादसे के बाद घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं कंपनी अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की।
सिंघीतराई में आयोजित बैठक में कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर तथा वेदांता प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रम कानूनों के तहत दुर्घटना के तकनीकी कारणों की गहन जांच की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
बैठक के दौरान वेदांता प्रबंधन के चीफ हेड ऑफ ऑपरेशन सुशील बेहरा ने घटना की विस्तृत जानकारी दी, जबकि बॉयलर विशेषज्ञ गुंजन शुक्ला ने हादसे के संभावित कारणों पर प्रारंभिक जानकारी साझा की।
मंत्री श्री देवांगन ने प्रशासन को निर्देशित किया कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और सूक्ष्मता के साथ पूरी की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा, रोजगार के अवसर तथा दुर्घटना में दिव्यांग हुए श्रमिकों के लिए पेंशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने श्रमिकों के ईएसआईसी और पीएफ से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी ली।
उन्होंने दोहराया कि इस गंभीर हादसे में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों एवं घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की जा चुकी है और मुख्यमंत्री स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
इसके अलावा मंत्री श्री देवांगन ने रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल, एपेक्स हॉस्पिटल, मेट्रो हॉस्पिटल और जिंदल–फोर्टिस हॉस्पिटल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की।
मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि घायलों का बेहतर और निरंतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि कंपनी द्वारा दिए जाने वाले मुआवजे के अतिरिक्त प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से घोषित सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और घायलों का उपचार पूरी तरह स्वस्थ होने तक निरंतर जारी रखा जाएगा।




