छत्तीसगढ़

रमन ने वरिष्ठ कवि श्री सुशील यदु के निधन पर किया शोक प्रकट

रायपुर 24 सितम्बर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के वरिष्ठ कवि और लेखक सुशील यदु के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।

डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शोक संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य  की सेवा में स्वर्गीय श्री यदु ने अपना पूरा जीवन लगा दिया।उन्होंने तीन दशकों से भी अधिक समय तक विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में अपनी रचनाओं के जरिए किसानों, मजदूरों और समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों के दुःख-दर्द को अभिव्यक्ति दी और समाज को सही दिशा देने का प्रयास किया।
उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में स्वर्गीय श्री यदु ने राज्य के विभिन्न जिलों में आंचलिक कवियों और लेखकों को संगठित कर कई सम्मेलन और साहित्यिक आयोजन किए। उन्होंने कई पुस्तकों और काव्य संग्रहों का सम्पादन और प्रकाशन भी किया।उनके निधन से हम सबने छत्तीसगढ़ की नयी पीढ़ी के एक अत्यंत प्रतिभावान कवि को खो दिया है।

डॉ. सिंह ने उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button