MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

कंक्रीट सड़क पर डामर बिछाने का आरोप, आरटीआई एक्टिविस्ट ने पीडब्ल्यूडी पर उठाए सवाल

रायपुर, 12 फरवरी।छत्तीसगढ़ आरटीआई एक्टिविस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि देवेन्द्र नगर क्षेत्र में पहले से अच्छी स्थिति में मौजूद कंक्रीट सड़क पर अनावश्यक रूप से डामर की परत चढ़ाकर नई सड़क बना दी गई है, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा है।

श्री ठाकुर ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इस कार्य से न केवल सार्वजनिक धन की बर्बादी हुई है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने से आसपास के कई मकान सड़क स्तर से नीचे हो गए हैं, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर में कई सड़कें जर्जर हालत में हैं और उनकी मरम्मत की ओर ध्यान देने के बजाय अच्छी सड़कों पर अनावश्यक खर्च किया जा रहा है। उनके अनुसार, यह स्थिति अधिकारियों की मनमानी और भ्रष्टाचार की ओर संकेत करती है। ठाकुर ने कहा कि जब राज्य आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है और कई विकास कार्य ठप पड़े हैं, ऐसे में इस प्रकार के फैसले चिंताजनक हैं।

श्री ठाकुर ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही, अनावश्यक रूप से खर्च किए गए सरकारी धन की वसूली संबंधित अधिकारियों से की जाए।

Related Articles

Back to top button