Wednesday , February 11 2026

अमेरिका का यू-टर्न, पहले PoK और अक्साई चिन को बताया भारत का हिस्सा

अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने वह इंटरनेट मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी है जिसमें भारत के मानचित्र में गुलाम जम्मू-कश्मीर समेत जम्मू-कश्मीर का पूरा इलाका और अक्साई चिन इलाके को भारत के हिस्से के तौर पर दिखाया गया था।

पिछले हफ्ते जब अमेरिका और भारत ने व्यापार पर द्विपक्षीय अंतरिम समझौता फ्रेमवर्क के विवरण की घोषणा की थी तो यूएसटीआर कार्यालय ने एक्स पर व्यापार समझौते के बारे में जानकारी के साथ-साथ उक्त मानचित्र भी पोस्ट किया था।

नहीं दिया कोई स्पष्टीकरण
हालांकि इस पोस्ट को बिना किसी स्पष्टीकरण के डिलीट किया गया है। इससे पहले के भारत के मानचित्रों में गुलाम जम्मू-कश्मीर और अक्साई चिन इलाके को एक अलग रेखा के जरिये प्रदर्शित किया गया था। गौरतलब है कि भारत ने हमेशा जोर देकर कहा है कि पूरा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।

भारत का क्या दावा है?
भारत का यह भी कहना है कि ऐतिहासिक दावों और पिछली संधियों के आधार पर अक्साई चिन उसका हिस्सा है। इससे पहले चीन की तरफ से जारी स्टैंडर्ड मैप में उसने अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चिन इलाके, ताइवान और विवादित दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा किया था।