MainSlideराजनीति

झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार समाप्त

रांची 14 दिसम्बर।झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया।

राज्‍य के चार जिलों-धनबाद, देवघर, गिरिडीह और बोकारो के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में इस चरण के दौरान सोमवार को वोट डाले जाएंगे।इन निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच क्षेत्र बगोदर,जमुआ, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी नक्‍सल प्रभावित हैं।विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने अंतिम दौर के प्रचार अभियान में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास किए।

गिरिडीह और देवघर में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार झारखंड में नक्‍सली हिंसा को समाप्‍त कर सकती है।संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन की आलोचना करते हुए श्री शाह ने कहा कि इसमें शामिल पार्टियां केवल सत्‍ता में आने के लिए एकजुट हुई हैं और राज्‍य के लोगों के कल्‍याण से उन्‍हें कुछ लेना-देना नहीं है।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

दूसरी तरफ,झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन ने संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन के पक्ष में मतदान का आग्रह करते हुए कहा कि अगर उनका गठबंधन सत्‍ता में आया तो अन्‍य पिछड़े वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और किसानों के ऋण माफ कर दिए जाएंगे।झारखंड विकास मोर्चा अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में राज्‍य में पांच लाख से अधिक गरीबों के  राशन कार्ड रद्द कर दिए गए।

 

 

 

Related Articles

Back to top button