MainSlideछत्तीसगढ़

11 राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना वन विभाग की बड़ी उपलब्धि – अकबर

रायपुर, 21 अगस्त।छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि राज्य ने अकेले 74 प्रतिशत लघु वनोपज की खरीदी की है। जिसके लिए भारत सरकार से 11 राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना वन विभाग की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

श्री अकबर ने आज पुलिस प्रशिक्षण अकादमी परिसर चंदखुरी में वन महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि वनों के मामलों में छत्तीसगढ़ एक संपन्न राज्य है। एक लाख 35 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 44.2 प्रतिशत वन है। बहुत बड़ा वन क्षेत्र होने के कारण पर्यावरण का संतुलन यहां बना रहता है।

उन्होने गुरु तेग बहादुर जी को नमन करते हुए उनकी याद में वृक्षारोपण कार्यक्रम रखने के लिए सिक्ख समुदाय के लोगों को बधाई दी और कहा कि जिस प्रकार से आज यहां छोटे-छोटे बच्चों ने 400 पौधों का रोपण किया है, उसी प्रकार इन बच्चों के माता-पिता का भी दायित्व है कि पौधों को भी सुरक्षित और संरक्षित रख पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वन विभाग का सहयोग करें। मंत्री श्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की ओर से वृक्षारोपण का कार्यक्रम बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इस वर्ष 99 लाख पौधों का रोपण वन विभाग द्वारा किया जा रहा है।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यहां रोपित सभी पौधों की देखभाल पुलिस आवासीय परिसर के रहवासियों द्वारा किया जाएगा और पौधा रोपण करने वाले बच्चे यहां आकर अपना जन्मदिन मनाएंगे, जिससे पौधों का संरक्षण भी बराबर होता रहेगा।

Related Articles

Back to top button