
बलरामपुर, 16 फरवरी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में ग्रामीण की कथित पिटाई से मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कुसमी के एसडीएम करुण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि लगातार सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी की रात एसडीएम करुण डहरिया अपनी टीम के साथ अवैध खनन की शिकायत पर हंसपुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान सरना के पास तीन ग्रामीण पुलिस को मिले। आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें रास्ते में रोककर मारपीट की, जिससे एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उनका खनन गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर घर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और मारपीट की गई।
घटना के बाद हंसपुर और आसपास के क्षेत्रों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने एकजुट होकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो।
बताया जा रहा है कि एसडीएम करुण डहरिया पूर्व में भी विवादों में रहे हैं और उन पर रिश्वतखोरी के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India