
वाशिंगटन 08सितम्बर।अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी( नासा )ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन( इसरो) के चन्द्रयान-दो मिशन की सराहना की है।नासा ने कहा कि चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चन्द्रयान-दो उतारने का इसरो का प्रयास सराहनीय है।
अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि इसरो के मिशन से उसे प्रेरणा मिली है और भविष्य में वह इसरो के साथ मिलकर सौर प्रणाली के आगे अन्वेषण के लिए उत्सुक है।
इस बीच इसरो ने कहा कि चन्द्रयान-दो मिशन के 90 से 95 प्रतिशत उद्देश्य पूरे हुए हैं और इससे लैंडर से संपर्क टूटने के बावजूद चन्द्र विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। इसरो ने कहा कि मिशन प्रबंधन ने ऑर्बिटर के लिए निर्धारित एक वर्ष के बदले लगभग सात वर्ष का कार्यकाल सुनिश्चित किया है।
चन्द्रमा की सतह पर कल तड़के उतरने के केवल कुछ मिनट पहले चन्द्रयान-दो के लैंडर का इसरो नियंत्रण केन्द्र से संपर्क टूट गया था। इसरो के अध्यक्ष डॉ० के. सिवन ने कहा है कि चन्द्रयान-दो के लैंडर विक्रम का धरती से संपर्क टूटने का इसरो की अन्य परियोजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।




